– आचार्य संतोष

अष्टम भाव जन्मकुंडली का वह रहस्यमय स्थल है जिसे ऋषि-महर्षियों ने एक अथाह कुएँ के समान बताया है – एक ऐसी गहरी धारा, जिसकी कोई सीमा नहीं और जिसका कोई अंत नहीं। यह केवल एक भाव नहीं, बल्कि आत्मा के उन अनुभवों का संग्रह है, जिन्हें उसने पूर्वजन्मों में जीया, भोगा, और कभी-कभी गलत दिशाओं में भी व्यतीत किया। अष्टम भाव यह स्मरण कराता है कि मनुष्य का कर्म केवल वर्तमान का नहीं होता, वह काल की निरंतरता में अपने साथ बहता चलता है।

कहा जाता है कि इस भाव में वही ग्रह आते हैं जिनके माध्यम से आत्मा ने पहले बहुत कुछ भोगा है – कभी अतिभोग, कभी पाप, कभी अधर्म और कभी अपने अधिकारों का दुरुपयोग करके। इसी कारण अष्टम भाव जीवन में अचानक परिवर्तन लाता है। यह उस कर्म का घर है जो परिपक्व हो चुका है, जिसे अब फलित होना ही है। इस भाव में मिले अनुभव प्रायः अप्रत्याशित होते हैं, क्योंकि यहाँ कर्म अपनी चरम अवस्था में प्रकट होता है।

जब अष्टम भाव में शुभ ग्रह स्थित हों तो आत्मा को पिछले जन्मों का संरक्षण मिलता है। ऐसे व्यक्ति को संकट तो आता है, परंतु वह किसी अदृश्य शक्ति से बच जाता है; मृत्यु भी शांत और सौम्य होती है। परंतु जब इसी स्थान पर पापी ग्रह बैठे हों तो जीवन में दर्द, संघर्ष और अचानक होने वाले आघात अधिक जग्रत हो जाते हैं। जैसे आत्मा अपने भीतर जमा कर्म-राख को स्वयं झाड़कर बाहर फेंक रही हो।

अष्टम में शुक्र हो तो संकेत मिलता है कि आत्मा ने पिछले जीवन में विलास, सौंदर्य और ऐश्वर्य खूब भोगा, परंतु उसका मार्ग शुद्ध नहीं था। आत्मा ने आनंद को साधना न बनाकर केवल उपभोग का साधन बना लिया। इसी प्रकार जब सूर्य अष्टम में हो तो यह दर्शाता है कि व्यक्ति ने पूर्वजन्म में शक्ति, पद और प्रतिष्ठा प्राप्त की, परंतु उसका उपयोग धर्म की राह पर नहीं किया। चंद्रमा अष्टम में हो तो संकेत है कि भावनाओं का दुरुपयोग किया गया – दूसरों की संवेदनाओं से खेला गया, उन्हें धोखा दिया गया।

गुरु का अष्टम में होना आत्मा के लिए विशेष संकेत है। जीवन में कभी न कभी दैव का संरक्षण मिला था, गुरु मिले थे, लेकिन कृतघ्नता के कारण उनका सम्मान नहीं किया गया। इसलिए इस जन्म में गुरु अष्टम में आकर यह स्मरण कराते हैं कि भक्ति, ज्ञान और सद्गुणों में बाधाएँ आएँगी, परंतु उनकी परीक्षा के बाद ही किसी महान परिवर्तन का मार्ग खुलेगा।

शनि जब अष्टम में बैठते हैं तो वह आत्मा का कठोर दर्पण बन जाते हैं। यह स्थान तब उस हिंसा, अन्याय या पीड़ितों पर किए गए अत्याचारों की कथा कहता है, जिन्हें आत्मा ने किसी काल में अनुभव किया या किया। शनि यहाँ जीवन को संकुचित कर देते हैं, जैसे प्रकाश को किसी ने अचानक रोक दिया हो। राहु और केतु भी इसी प्रकार पिछले जन्म के भारी, कठोर और अक्सर ‘वर्जित’ अनुभवों की छाया अष्टम में लाते हैं।

अष्टम भाव का स्वभाव ही है – अचानक। जो भी फल देता है, वह बिना चेतावनी के देता है। इसलिए जब किसी का चंद्र अष्टम में हो, तो भावनाओं में अचानक तूफान उठता है। सूर्य अष्टम में हो तो सम्मान, स्वास्थ्य और सत्ता कभी भी झटका दे सकती है। मंगल अष्टम में हो तो जीवन में अचानक चोट, दुर्घटना या संघर्ष खड़े हो जाते हैं; जैसे किसी पुराने कर्म का परिणाम अब सामने आ रहा हो।

गुरु अष्टम में धीरे-धीरे नहीं, बल्कि अचानक समृद्धि देता है। जैसे भाग्य का द्वार एक ही क्षण में खुल जाए। परंतु यह भी सत्य है कि जब तक आत्मा अपने भीतर के ऋणों को स्वीकार न कर ले, तब तक वही गुरु प्रॉपर्टी, मान-सम्मान और जीवन की स्थिरता में बाधाएँ भी उत्पन्न कर सकते हैं। यही कारण है कि अष्टम गुरु की एक पहचान ‘दीमक’ लगने जैसी प्रतीकात्मक घटनाओं से भी जुड़ती है – धीरे-धीरे खोखलापन दिखाना, ताकि आत्मा स्वयं को पुनः भर सके।

शुक्र जब अष्टम में बैठते हैं तो आत्मा को स्त्रियों से जुड़े कर्मों का ऋण चुकाना पड़ता है। भोजन, स्वाद, शरीर और सुख – ये सब उसके लिए परीक्षा बन जाते हैं। अष्टम शनि का प्रभाव तो और भी अधिक व्यापक होता है। वह जीवन को घेरे में ले लेते हैं, पहले अंधेरा करते हैं और फिर भीतर का प्रकाश खोजने के लिए मजबूर करते हैं। अष्टम भाव रहस्य का भाव है, इसलिए यहाँ स्थित ग्रह षड्यंत्रों और धोखे की चेतावनी भी देते हैं। सूर्य हो तो सत्ता और परिवार से सावधानी; चंद्र हो तो विश्वासघात की संभावना; मंगल हो तो कोई अपना ही पीठ में खंजर चला सकता है।

अष्टम भाव वास्तव में मृत्यु का भाव नहीं, बल्कि आत्मा के पुनर्जन्म का भाव है – पुराने को तोड़कर नया बनाने का एक दिव्य चक्र। जो भी यहाँ से मिलता है, वह अचानक मिलता है, परंतु वह आत्मा को उसकी मार्गदर्शक सत्यता की ओर वापस ले जाने के लिए ही आता है।

– आचार्य संतोष
(ज्योतिष विशारद एवं वास्तु आचार्य)
(वेदांत साधक एवं भारतीय संस्कृति के प्रचारक)
वास्तु शुद्धि और जन्म कुंडली जागरण के लिए
संपर्क संख्या : +91 9576159316 (WhatsApp)

Category
Tags

Comments are closed

You cannot copy content of this page